बिलासपुर : ACB ने नगर निगम के क्लर्क को दस हजार रिश्वत लेते पकड़ा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने नगर निगम के एक क्लर्क को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी क्लर्क की पहचान लक्ष्मीकांत कोका के रूप में हुई है, जो संपदा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी क्लर्क ने लीज रिन्यूवल कराने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। इससे परेशान होकर राजकिशोर नगर निवासी अजीत शुक्ला ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया और रिश्वत लेते पकड़ने के लिए ट्रैप की कार्रवाई की।

निर्धारित योजना के तहत ACB बिलासपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए निगम के संपदा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ क्लर्क लक्ष्मीकांत कोका को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। ACB की टीम मामले में आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *