3.52 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम से निखरेगी खिलाड़ियों की प्रतिभा
बास्केटबॉल के साथ शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस के अभ्यास की मिलेगी सुविधा
स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण का अवसर, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होंगे खिलाड़ी

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री श्री साय के गृह जिले जशपुर में 3 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से निर्मित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में विकसित हुआ है। आधुनिक खेल अधोसंरचना के विस्तार से जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, नियमित अभ्यास करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 28 मार्च 2026 को जशपुर प्रवास के दौरान इस मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम का शुभारंभ किया था। स्टेडियम के निर्माण से जिले के खिलाड़ियों को विभिन्न इनडोर खेलों के अभ्यास के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हुआ है। विशेष रूप से ग्रामीण और जनजातीय अंचलों से आने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए यह खेल परिसर अपनी क्षमताओं को विकसित करने और प्रतिस्पर्धात्मक खेलों की तैयारी करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

एक ही परिसर में बास्केटबॉल, शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस के अभ्यास की सुविधा
जशपुर में निर्मित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम में खिलाड़ियों को बास्केटबॉल के साथ शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस जैसे खेलों के अभ्यास की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विभिन्न खेल विधाओं में रुचि रखने वाले बच्चों और युवाओं को अपनी पसंद के खेल में नियमित अभ्यास करने और कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा।

ग्रामीण और जनजातीय अंचलों की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
जशपुर जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यहां के बच्चे और युवा क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, बास्केटबॉल और टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों में रुचि रखते हैं। इन प्रतिभाओं को बेहतर खेल अधोसंरचना और नियमित अभ्यास के अवसर उपलब्ध कराना उनके खेल कौशल को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में खेलों को मिल रहा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के साथ खेल अधोसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाना और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
जशपुर में 3.52 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे जिले में खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ने के साथ नियमित अभ्यास की संस्कृति को प्रोत्साहन मिलेगा। आधुनिक खेल सुविधाओं की उपलब्धता से आने वाले समय में जशपुर के खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे।
